नोएडा। शहर में बदमाशों का बोलबाला है। बदमाशों की हिम्मत देखिए सुरक्षा के लिए रखी गई लाइसेंसी रिवाल्वर बदमाश लूटकर ले गए। वारदात थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-76 में हुई।
इतना ही नहीं सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उनकी
पत्नी पर चाकू व पिस्टल की बट से वार कर घायल कर दिया। बदमाशों ने उनसे
लाखों के जेवर व नगदी समेत रिवॉल्वर भी लूट ली। घायल दंपति को एक प्राइवेट
अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। अब
तक इस मामले में पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। मिली जानकारी
के अनुसार मूल रूप से आगरा निवासी सुधीर सिंह (40) गुडग़ांव की एक एमएनसी
में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। फिलहाल वह पत्नी आरती सिंह (32) और दो बच्चों
के साथ इंदिरापुरम स्थित आम्रपाली ग्रींस में रहते हैं। रविवार रात को
सुधीर परिवार समेत आगरा से कार द्वारा इंदिरापुरम लौट रहे थे। नोएडा
सेक्टर-76 के पास रात करीब 10:30 बजे कार का टायर पंचर हो गया। इस पर सुधीर
ने कार को साइड में पार्क कर दिया और पत्नी के साथ टायर बदलने लगे। दोनों
बच्चे कार में ही सो रहे थे। इस बीच वहां बाइक सवार तीन बदमाश आ गए। उनमें
से एक ने सुधीर पर पिस्टल तान दी जबकि अन्य दोनों बदमाश चाकू दिखाकर आरती
से लूटपाट करने लगे। बदमाशों ने सुधीर की चेन, अंगूठी, पर्स और आरती के
सारे जेवर लूट लिए। जब सुधीर ने उनका विरोध किया तो एक बदमाश ने उनके सिर
पर पिस्टल की बट से वार कर दिया। सुधीर ने जैसे ही अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर
निकालने की कोशिश की बदमाशों ने उनके सीने पर चाकू से वार कर दिए और
रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद बदमाश कार की तरफ बढ़े तो आरती ने शोर मचा दिया,
जिस पर बदमाशों ने उन्हें भी चाकू मार दिया और भाग गए। शोर सुनकर लोगों ने
घटना की जानकारी पुलिस को दी और दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस इस मामले में खाली हाथ है। पुलिस जांच कर रही है।
|